- UP:-शादी का झांसा देकर 5 साल तक रेप,पुलिस मामले की जांच में जुटी | दैनिक सच्चाईयाँ

Friday, 10 April 2026

UP:-शादी का झांसा देकर 5 साल तक रेप,पुलिस मामले की जांच में जुटी

एक तरफ देश में महिला सुरक्षा को लेकर कड़े कानूनों की दुहाई दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है.

छत्तीसगढ़ की एक 21 वर्षीय युवती ने नगर थाना क्षेत्र के निवासी इनामुल हक पर न केवल बार-बार रेप करने, बल्कि धोखे से उसका गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है.

दरअसल, मामले की शुरुआत अक्टूबर 2021 में हुई थी. पीड़िता के फूफा उत्तर प्रदेश के बभनान में एक ईंट भट्ठे पर मुंशी थे. जब उनकी तबीयत खराब हुई, तो भट्ठा मालिक इनामुल हक उन्हें घर छोड़ने छत्तीसगढ़ गया. वहीं उसकी नजर इस मासूम युवती पर पड़ी. फूफा की मौत के बाद, जब परिवार मातम में था, तब इनामुल ने हमदर्द बनकर इंस्टाग्राम के जरिए युवती के जीवन में आया.

शादी का झांसा देकर किया रेप

पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2021 में जब वह अपने फूफा के काम का हिसाब किताब करने अपनी बुआ के साथ बस्ती के मटैरा गांव आई थी, तब वह नाबालिग थी. उसी दौरान आरोपी ने उसे छत पर बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए. जब युवती ने विरोध किया, तो उसने निकाह का पवित्र वादा कर उसका मुंह बंद कर दिया.

इसके बाद शोषण का यह सिलसिला कभी रायपुर के होटलों में, तो कभी बभनान के सुनसान कमरों में चलता रहा. पीड़िता ने बताया उसने मुझे हर दो-तीन महीने में मिलने बुलाया. जब भी मैं शादी की बात करती, वह मुझे डंडों से पीटता और कहता कि अभी काम सेटल होने दो.

आरोपी पर गर्भपात कराने का भी आरोप

घटना का सबसे विचलित कर देने वाला पहलू फरवरी 2023 का है. पीड़िता जब गर्भवती हुई और उसने इसकी जानकारी इनामुल को दी, तो आरोपी ने उसे बभनान बुलाया. वहां उसने युवती को सिरदर्द की दवा कहकर एक गोली खिला दी. युवती ने भरोसे में आकर दवा खा ली, लेकिन कुछ ही देर बाद बाथरूम में उसका गर्भपात हो गया. अपनी संतान को खोने के गम और आरोपी की चालाकी ने युवती को अंदर से तोड़ दिया, फिर भी वह शादी के भरोसे चुप रही.

आरोपियों ने दी युवती के परिवार को खत्म करने की धमकी

युवती के मुताबिक, 14 फरवरी 2026 को आरोपी इनामुल ने फोन कर बताया कि उसने कहीं और सगाई कर ली है. इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के बड़े भाई से जहीरूल हक से गुहार लगाई, जिस पर आरोपियों की ओर से जान मरवाने की धमकी दी गई. वहीं कलवारी क्षेत्राधिकारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

डीएसपी संजय सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है. चूंकि पीड़िता ने घटना की शुरुआत के समय खुद को नाबालिग बताया है, इसलिए हम पॉक्सो एक्ट के तहत कठोरतम जांच कर रहे हैं. मेडिकल रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों (इंस्टाग्राम चैट) को इकट्ठा किया जा रहा है. अपराधी कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...