- 'घर की बात घर में रहे', नीतीश कुमार हिजाब विवाद पर सुमैया राना का पाकिस्तानी टीवी को जवाब | दैनिक सच्चाईयाँ

Monday, 22 December 2025

'घर की बात घर में रहे', नीतीश कुमार हिजाब विवाद पर सुमैया राना का पाकिस्तानी टीवी को जवाब

 


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) की नेता सुमैया राना ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल को इंटरव्यू देने से साफ इनकार कर दिया। सुमैया राना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत अपने आंतरिक मामलों को स्वयं सुलझाने में सक्षम है और किसी पड़ोसी देश को इसमें दखल देने की कोई जरूरत नहीं है।प्रसिद्ध शायर मुनव्वर राना की बेटी और सपा महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमैया राना ने पाकिस्तानी चैनल के अनुरोध को उर्दू शायर जिगर मुरादाबादी के शेर के जरिए ठुकराया। उन्होंने कहा कि 'नजर का तीर जिगर में रहे तो अच्छा है, घर की बात घर में रहे तो अच्छा है।'

सुमैया राना ने कहा कि भारत में सभी समुदाय आपसी सौहार्द और शांति के साथ रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी चैनल इस मुद्दे को भारत में मुसलमानों की स्थिति से जोड़कर गलत नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रहा था, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। दूसरे देश को आंतरिक मामलों में दखल देने से उन्होंने अपने अंदाज में मना किया। दरअसल, सोशल मीडिया एक्स पर एक एकाउंट से सुमैया राना को पाकिस्तानी टीवी से इंटरव्यू का निमंत्रण आने की बात कही गई थी।

क्या है हिजाब विवाद?

हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां वह नवनियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इसी दौरान एक मुस्लिम महिला डॉक्टर बुशरा परवीन, जो हिजाब-नकाब पहनी हुई थीं। जब वह मंच पर पहुंचीं तो वायरल हुए वीडियो में नीतीश कुमार उन्हें देखकर ये क्या है? कहते नजर आए और कथित तौर पर उनका हिजाब नीचे कर दिया।

इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। आलोचकों ने इसे महिला की गरिमा, धार्मिक स्वतंत्रता और व्यक्तिगत स्वायत्तता का उल्लंघन बताया। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने नीतीश कुमार के बचाव में बयान दिया।

नजरबंदी का आरोप

सुमैया राना ने इस पूरे मामले को 'खतरनाक परंपरा' बताते हुए कहा कि यदि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति इस तरह का व्यवहार करता है, तो इससे अन्य लोगों को भी ऐसा करने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को उन्होंने लखनऊ के कैसरबाग थाने में नीतीश कुमार और मंत्री संजय निषाद के खिलाफ आपत्तिजनक कृत्य और बयान को लेकर एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन, अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

सुमैया राना ने आरोप लगाया कि वह बीते एक दिन से अपने घर में नजरबंद हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। मेरे घर के बाहर पुलिस तैनात है, सीसीटीवी फुटेज इसका सबूत है। मुझे रोका जा रहा है, लेकिन इसे आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया जा रहा। यह अवैध हिरासत है। हालांकि, पुलिस ने नजरबंदी के आरोपों से इनकार किया है।

पीड़ित महिला डॉक्टर का दर्द

सुमैया राना ने यह भी दावा किया कि इस घटना से आहत महिला डॉक्टर बुशरा परवीन ने अपनी नौकरी छोड़ दी है और वह कोलकाता चली गई हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं हिजाब पहनती हैं और उसी समुदाय से आती हैं, इसलिए यह मामला उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी पीड़ादायक है।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...