मऊ. जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में 30 से 40 श्रद्धालु घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस घटना की जांच में जुट गई है
बता दें कि घटना रतनपुरा-मुबारकपुर रोड पर हलधरपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त घटी, जब एक बस श्रद्धालुओं को अयोध्या से लेकर बलिया जा रही थी. इसी दौरान बस से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे जाकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए. वहीं श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई. लोगों की चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
वहीं मौके पर पहुंचे लोगों ने बस में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और फिर तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. हादसा क्यों हुआ, इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है.
Post a Comment