- शादी कराने का झांसा देकर युवक को बुलाया, बंधक बना सिर मुंडवाया, दो गिरफ्तार | दैनिक सच्चाईयाँ

Sunday, 29 March 2026

शादी कराने का झांसा देकर युवक को बुलाया, बंधक बना सिर मुंडवाया, दो गिरफ्तार



शादी कराने का झांसा देकर एक युवक को बुलाने के बाद युवती के रिश्तेदारों ने उसे दोस्तों सहित बंधक बना लिया। मारपीट कर नकदी एवं आभूषण लूटने के बाद अपमानित करने के लिए युवक एवं दोस्तों का सिर मुंडवा दिया।

यह घटना नत्थन का पुरवा गांव की है। भुक्तभोगी युवक गोंडा जिले के रहने वाले हैं। युवक की तहरीर पर 11 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

गोंडा निवासी एक युवक का उसी जिले की रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। गत दिनों युवती तारुन के नथनपुर खपरैला स्थित ननिहाल आई थी। युवती के ननिहाल वालों को उसके प्रेम प्रसंग की बात का बता चला तो उन्होंने युवक को कोर्ट मैरिज कराने के लिए उससे संपत्ति युवती के नाम करने के लिए कहा।

युवक ने अपने घरवालों से बात करने की मोहलत मांगी। इसके बाद वह दोस्तों सहित वहां से चला गया। गत 21 मार्च आरोपितों ने पुन: युवक को फोन किया और कहाकि वह आकर युवती से कोर्ट मैरिज कर लें। विपक्षियों के झांसे में आकर युवक अपने तीन अन्य दोस्ताें के साथ कार से नथनपुर पहुंच गया।

आरोप है कि सभी को विपक्षियों ने बंधक बना लिया। कई लोगों ने मिलकर युवक एवं उसके दोस्तों की पिटाई की। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और चेन भी छीन ली। आरोपियों ने 1.65 लाख रुपये मंगवाने का दबाव बनाया। अपमानित करने के उद्देश्य से सभी युवकों के सिर के बाल भी कटवा दिए।

पीड़ित युवकों ने आरोपितों की ओर मांगे गए रुपये लाने के लिए अपने परिचित से संपर्क किया। उन्होंने नथनपुर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। भनक लगने पर आरोपित भाग निकले।

थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। दो लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। विवेचना में और भी तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...