- दिल्ली: नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने और बाजार में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक और आरोपी गिरफ्तार | दैनिक सच्चाईयाँ

Sunday, 29 March 2026

दिल्ली: नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने और बाजार में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक और आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने और बाजार में बेचने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं।

क्या है पूरा मामला?

क्राइम ब्रांच की टीम ने पहले इस मामले में दो आरोपियों मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित को गिरफ्तार किया था जिनके पास से करीब 150 किलो नकली न्यूट्रिशन सप्लीमेंट और कई ब्रांड के नकली स्टीकर बरामद हुए थे। इसी मामले में आगे की जांच के दौरान हरियाणा के चरखी दादरी निवासी 32 वर्षीय नवीन कुमार उर्फ बंजारा का नाम सामने आया।

पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के रानी खेड़ा गांव में छापा मारा। यहां एक अवैध फैक्ट्री चल रही थी, जहां नामी कंपनियों के नकली प्रोटीन सप्लीमेंट तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि आरोपी कम कीमत वाले पाउडर, माल्टोडेक्सट्रिन, कोको पाउडर और फ्लेवर मिलाकर नामी कंपनियों जैसे ऑप्टिमम न्यूट्रिशन और सिंथा-6 के नाम पर नकली प्रोटीन सप्लीमेंट तैयार करता था। इसके बाद इन्हें नकली डिब्बों, स्टिकर, होलोग्राम और सील लगाकर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेचा जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस को 26 भरे हुए नकली प्रोटीन के डिब्बे, सैकड़ों नकली स्टिकर और होलोग्राम, बड़ी संख्या में खाली प्लास्टिक जार, करीब 10 बैग कच्चा माल और कई फ्लेवर पाउडर मिले। इसके अलावा दो सप्लीमेंट बनाने की मशीनें, दो वेटिंग मशीन, इंडक्शन सीलिंग मशीन और क्यूआर कोड प्रिंटिंग मशीन भी बरामद की गई हैं।

गौरतलब है कि जिम जाने वाले तमाम युवा प्रोटीन पाउडर का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में अगर ये फर्जी प्रोटीन पाउडर बाजार में बिकेगा तो देश की युवा पीढ़ी इसके सेवन से बर्बाद हो जाएगी। इस मिलावट के पीछे के मास्टरमाइंडों को कड़ी सजा देने की जरूरत है।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...