Saturday, 28 March 2026
Meerut News: स्वॉट टीम प्रथम और एटीएस यूनिट मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस ने छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सिम कार्ड, वीओआईपी उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दूरसंचार निदेशालय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वीओआईपी कॉल को लोकल कॉल में बदलकर पहचान छिपाते हुए धोखाधड़ी की जा रही है, जिससे देश को आर्थिक नुकसान हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वॉट टीम, एटीएस और थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन में आयशा मस्जिद के पास छापा मारा और अवैध टेलीकॉम सेटअप संचालित कर रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्जी तरीके से कई सिम कार्ड निकलवाते थे। इन सिम कार्ड्स को वीओआईपी जीएसएम गेटवे मशीन में लगाकर विदेशी कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित किया जाता था, जिससे कॉल करने वालों की पहचान छिपाई जा सके और अवैध आर्थिक लाभ कमाया जा सके।पुलिस ने मौके से 5 वीओआईपी जीएसएम गेटवे मशीन, 186 सिम कार्ड, 3 लैपटॉप, 2 राउटर, 32 एंटीना समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना लिसाड़ी गेट में आईटी एक्ट, बीएनएस और टेलीकॉम संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Post a Comment