बिजली बिल राहत योजना में लापरवाही अब हजारों उपभोक्ताओं पर भारी पड़ने जा रही है। उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल में ऐसे करीब 28 हजार उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने योजना में पंजीकरण तो करा लिया, लेकिन तय समय के भीतर बकाया जमा नहीं किया।
अब अंतिम तिथि में महज एक दिन बचे हैं और अदायगी न होने पर कनेक्शन कटने की कार्रवाई तय मानी जा रही है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंडल में कुल 61,736 उपभोक्ता अभी भी अनपेड श्रेणी में हैं, जबकि 26,271 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने दो हजार रुपये जमाकर योजना में रजिस्ट्रेशन तो कराया, लेकिन शेष बकाया अदा नहीं किया। कुल मिलाकर 88,007 उपभोक्ता भुगतान में पीछे हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो पंजीकरण शुल्क जब्त कर लिया जाएगा और पूरा बकाया ब्याज सहित वसूला जाएगा। गौरतलब है कि बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के तहत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई थी।
मूल बिल पर छूट के साथ-साथ ब्याज पर सौ फीसदी छूट का प्रावधान था
योजना में मूल बिल पर छूट के साथ-साथ ब्याज पर सौ फीसदी छूट का प्रावधान था। मात्र दो हजार रुपये जमा कर उपभोक्ताओं को 30 दिन के भीतर शेष राशि जमा करने का मौका दिया गया था। इस योजना का लाभ उठाते हुए 2,86,042 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया और लाखों रुपये की छूट हासिल की। लेकिन बड़ी संख्या में लोग अंतिम भुगतान करने में पीछे रह गए।
कनेक्शन काटे जाएंगे और आरसी जारी कर वसूली की जाएगी
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ का कहना है कि उन्होने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को टेलीफोन और डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से जागरूक करें। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि समय रहते भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे और आरसी जारी कर तहसील के माध्यम से वसूली की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अंतिम दिन का लाभ उठाते अदायगी करें, ताकि योजना में राहत का फायदा मिल सके। यह लापरवाही उन्हें अंधेरे में धकेल सकती है।
Post a Comment