शास्त्री नगर की स्कीम नंबर-7 के व्यापारियों में संभावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर गहरा असंतोष देखा जा रहा है। रविवार शाम बड़ी संख्या में व्यापारी तिरंगा चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार गर्ग के नेतृत्व में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल 'शारदा' के कैंप कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से संचालित छोटे-छोटे कारोबारों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका खतरे में पड़ गई है। मनोज गर्ग ने बताया कि करीब 250 से अधिक व्यापारी पहले ही अपना कारोबार बंद करने को मजबूर हो चुके हैं, जबकि लगभग 550 व्यापारियों पर दुकानों के बंद होने और ध्वस्तीकरण की तलवार लटक रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश व्यापारी पिछले 25-30 वर्षों से अपने छोटे आवासीय परिसरों में ही दुकानें चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से हाउस टैक्स, पानी का टैक्स और जीएसटी का भुगतान करते रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। "हमने कोई अवैध कार्य नहीं किया, सिर्फ अपने परिवार के पालन के लिए छोटे स्तर पर व्यापार किया है," उन्होंने कहा।
इस दौरान विनीत अग्रवाल 'शारदा' ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज उनके लिए सर्वोपरि है और वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने की बात भी कही।
आश्वासन के बाद व्यापारी शांतिपूर्वक लौट गए, लेकिन क्षेत्र में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment