गोरखपुर: एम्स थाना क्षेत्र के अराजी बसडीला निवासी अरविंद सिंह का नौ वर्षीय बेटा सरस सिंह पिपराइच क्षेत्र के एक गांव में अपनी मौसी के यहां रहकर कक्षा चार में पढ़ाई करता था. उसकी मां का निधन करीब पांच वर्ष पहले हो चुका है.आरोप है कि कुछ दिन पहले मौसी की लड़की के साथ छेड़खानी को लेकर सिकंदर साहनी और पीड़ित पक्ष के बीच विवाद हुआ था. उस समय गांव में पंचायत के माध्यम से समझौता करा दिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी रही.
रॉड व लाठी-डंडों, से किया हमला
शनिवार देर शाम साढ़े आठ बजे सरस और शिवकुमार पान की दुकान की ओर जा रहे थे. रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे निषाद पक्ष के लोगों ने दोनों को घेर लिया. जान बचाने के लिए दोनों बेला चौराहे की एक दुकान पर चढ़ गए, लेकिन हमलावरों ने वहां पहुंचकर लाठी-डंडों, रॉड तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. इसमें शिवकुमार और सरस गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले गए.
तीन आरोपितों गिरफ्तार
जहां से चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा, देर रात इलाज के दौरान सरस की मौत हो गई. वहीं शिवकुमार का उपचार जारी है. रविवार को सरस की मौत के बाद ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने राजू सिंह की तहरीर पर गांव के सिकंदर साहनी, हरी, राहुल, संदीप, विकास, रत्नेश्वर, मनोज, रोशन व विजय निवासी बेला सहवा टोला के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने पुरानी रंजिश में हमले में हत्या का आरोप लगाया है. नौ लोगों पर केस दर्ज कर तीन की गिरफ्तारी हुई है. अन्य की तलाश चल रही है. गांव में स्थिति नियंत्रण में है तथा एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
Post a Comment