- रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: पति और सास ने जबरन पिलाया टॉयलेट क्लीनर, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम | दैनिक सच्चाईयाँ

Tuesday, 25 August 2026

रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: पति और सास ने जबरन पिलाया टॉयलेट क्लीनर, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

पंजाब,ब के करतारपुर इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही विवाहिता नेहा की वेंटिलेटर पर इलाज के दौरान मौत हो गई।

दम तोड़ने से पहले पीड़िता ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष जो अंतिम बयान दर्ज कराया, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। गंभीर रूप से झुलसी हालत में बोलने में असमर्थ नेहा ने लिखकर मजिस्ट्रेट को बताया कि उसके पति और सास ने मिलकर उसे जबरन टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) पिला दिया था।

विवाहेत्तर संबंधों के विरोध पर घर में शुरू हुआ था खूनी विवाद

पुलिस जांच और पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, संगरूर के धूरी की रहने वाली नेहा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व करतारपुर निवासी उमंग बस्सी के साथ हुई थी। दंपती की छह वर्ष की एक मासूम बच्ची भी है। पीड़िता ने अपने मृत्युपूर्व बयान में खुलासा किया कि उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे। जब भी वह इन संबंधों का विरोध करती, ससुराल में उसके साथ मारपीट और गंभीर विवाद शुरू हो जाता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी।

जबरन पिलाया केमिकल, अस्पताल में तड़पती छोड़ बच्ची संग भागे ससुराल वाले

विवाद के दौरान क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी ने पीड़िता को पकड़कर जबरन जहरीला टॉयलेट क्लीनर पिला दिया। अत्यधिक मात्रा में केमिकल पेट में जाने से नेहा की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। आरोप है कि गंभीर स्थिति देखकर पति और सास पीड़िता को अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर छह साल की बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गए।

लिखकर दर्ज कराया अंतिम बयान, 24 घंटे बाद दी गई मायके वालों को खबर

गले और आंतरिक अंगों के बुरी तरह जल जाने की वजह से नेहा बोलने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए न्यायिक प्रक्रिया के तहत ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने उसने कागज़ पर लिखकर अपनी आपबीती बयान की। मृतका के भाई अमरीश कुमार ने गंभीर आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने जानबूझकर इस खौफनाक वारदात की जानकारी मायके वालों को पूरे 24 घंटे देरी से दी, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, छापेमारी जारी

ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज मृत्युपूर्व बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर करतारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...