- सीट को लेकर ट्रेन में आरपीएफ जवानों,रेलवे कर्मचारी और खुद पर रेजर से हमला करने वाली मॉडल गिरफ्तार | दैनिक सच्चाईयाँ

Monday, 17 August 2026

सीट को लेकर ट्रेन में आरपीएफ जवानों,रेलवे कर्मचारी और खुद पर रेजर से हमला करने वाली मॉडल गिरफ्तार

ट्रेन में सीट को लेकर आरपीएफ जवानों, रेलवे कर्मचारी और खुद पर रेजर से हमला करने वाली मॉडल को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में पुलिस ने मॉडल को जमानत पर रिहा कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, ठाणे की रहने वाली 31 वर्षीय मॉडल अंतरा बनर्जी 12 अगस्त की रात बांद्रा-गंगानगर अरावली एक्सप्रेस से एक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए सूरत जा रही थीं। आरोप है कि सीट को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने अपना कपड़ा उतार दिया और टिकट चेकर (टीईटी) और आरपीएफ कर्मियों पर रेजर ब्लेड से हमला कर दिया। ट्रेन के दहानू रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बनर्जी को ट्रेन से उतारकर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया गया। अगले दिन सुबह बोरीवली रेलवे पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और जान को खतरे में डालने, मारपीट करने तथा खुद को घायल करने के मामले में मामला दर्ज किया।

घटना उस समय शुरू हुई जब एक यात्री ने अंतरा बनर्जी से उसकी आरक्षित सीट खाली करने को कहा। अंतरा बनर्जी के सीट खाली करने से इनकार करने पर यात्री ने आरपीएफ और टिकट चेकर को बुलाया। आरोप है कि बनर्जी ने हस्तक्षेप करने वाले अधिकारियों के साथ आक्रामक व्यवहार किया और गाली-गलौज की। गवाहों के अनुसार अंतरा बनर्जी परेशान लग रही थीं क्योंकि उन्हें एसी कोच का टिकट नहीं मिल पाया था और वह स्लीपर क्लास के टिकट पर एसी कोच में पहुंच गई थीं।

अधिकारियों ने जब उन्हें रिश्तेदारों या कानूनी सलाहकार से संपर्क करने का सुझाव दिया,तो उन्होंने सहयोग करने से इनकार कर दिया और खुद को गिरफ्तार करने की मांग करने लगीं। यह पूरा घटनाक्रम एक घंटे से अधिक समय तक चला, जिससे ट्रेन में मौजूद यात्री सहम गए।

बोरीवली जीआरपी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने, सरकारी कर्मचारियों को गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट और जानबूझकर अपमान करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

बोरीवली जीआरपी ने बताया कि घटना 12 अगस्त को रात करीब 9:30 बजे से 10:50 बजे के बीच हुई। शिकायत में आरपीएफ की एएसआई यामिनी कांत मिश्रा ने बताया कि उन्हें और कांस्टेबल राजेश कुमार को टीसी हरिकेश त्रिपाठी और एक सहयात्री ने अंतरा बनर्जी के आरक्षित सीट खाली नहीं करने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर अपने कपड़े उतार दिए, ब्लेड लहराया और टिकट चेकर यामिनी मिश्रा और खुद को घायल कर लिया।

शिकायत के मुताबिक, हाथापाई के दौरान अंतरा बनर्जी ने एएसआई यामिनी कांत मिश्रा की वर्दी और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाया और उनका चश्मा भी तोड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ कर्मचारियों ने एसी कोच के दरवाजे बंद कर दिए। आरोप है कि अंतरा बनर्जी ने बाहर निकलने के लिए कांच तोड़ दिया। ट्रेन के दहानू पहुंचने पर उन्हें जीआरपी के हवाले कर दिया गया। बाद में नोटिस दिए जाने के बाद अंतरा बनर्जी को छोड़ दिया गया।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...