एकंगरसराय थाना क्षेत्र में रविवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने एक निजी अस्पताल के कंपाउंडर की गोली मारकर हत्या कर सनसनी फैला दी। वारदात तारापुर गांव के समीप उस वक्त हुई, जब जगाई गांव निवासी गनौरी बिन्द के 45 वर्षीय पुत्र श्याम प्रसाद बाइक से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे।
पहले से घात लगाए अपराधियों ने सुनसान रास्ते में उनकी बाइक को निशाना बनाया और बेहद करीब से गोली दाग दी। गोली सीधे गले में लगी, जिससे श्याम प्रसाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक श्याम प्रसाद निजी अस्पताल में कंपाउंडर के तौर पर काम करते थे। रोज की तरह रविवार को भी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। तारापुर गांव के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज और हत्या की खबर फैलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई।
गुस्साए परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दी गई। ग्रामीण हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-टू कुमार ऋषिराज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद काफी मशक्कत से जाम हटाया गया। पुलिस अब वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान खंगालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों और घटनास्थल के आसपास के सुरागों की जांच की जा रही है।
Post a Comment