Saturday, 28 March 2026
उत्तर प्रदेश:-वेस्ट यूपी में विकास का चौका! महज 35 दिनों में 4 बड़े प्रोजेक्ट हुए शुरू, योगी-मोदी की जुगलबंदी का दिखा असर
नोएडा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को इनदिनों लगातार तोहफे मिल रहे हैं। पिछले 35 दिनों के भीतर चार बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को जेवर स्थित देश के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुभारंभ किया।
5 हजार एकड़ से ज्यादा एरिया में फैले इस एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन जून से शुरू हो जाएगा। इससे पहले नोएडा में ही सेमी कंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ था। इसी तरह दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो की शुरुआत भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही की है।
जेवर में आयोजित विशाल जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र और यूपी की भाजपा सरकार ने पिछले 35 दिनों के भीतर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को चार बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है। इससे इलाके के युवाओं को रोजगार को बड़ा अवसर मिलेगा। नोएडा एयरपोर्ट से युवाओं के भविष्य को नई उड़ान मिलेगा। हम विकसित यूपी और विकसित भारत का नया अध्याय लिख रहे हैं।
1- नोएडा में सेमी कंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास
21 फरवरी, 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर ईकाई का शिलान्यास ग्रेटर नोएडा में किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
यह परियोजना 4 हजार करोड़ रुपये की लागत से 48 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। फॉक्सकॉन और एचसीएल कंपनी की तरफ से इस प्रोजेक्ट पर करीब 3700 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
2- नमो भारत ट्रेन
एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी, 2026 को देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का शुभारंभ किया। इसे नमो भारत ट्रेन के नाम से भी जाना जाता है।
पीएम मोदी ने दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ को जोड़ती है। इस ट्रेन से सराय काले खां से मेरठ के बीच 82 किमी की दूरी को मात्र 55 मिनट में तय किया जा सकता है।
3- मेरठ मेट्रो
मेरठ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 फरवरी को ही मेरठ मेट्रो का भी उद्घाटन किया। मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम के बीच 12 मेट्रो स्टेशन हैं जिनकी लंबाई 23 किलोमीटर है।
इसकी विशेषता ये है कि नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करते हैं। पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाने के बाद शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ मेट्रो की सवारी भी की।
4- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च, 2026 को जेवर पहुंचे और यहां एशिया के तीसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट का शुभारंभ किया। इस एयरपोर्ट को बनाने में करीब 11200 करोड़ रुपये की लागत आई है।
जून से यहां घरेलू और कार्गो विमानों का संचालन शुरू हो जाएगा। इंटरनेशनल उड़ान के लिए लोगों को अभी कुछ महीने और इंतजार करना पड़ेगा।

Post a Comment