दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक संगठित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार आरोपित को गिरफ्तार किया है। साथ ही, एक नाबालिग को भी पुलिस ने धर दबोचा है। इनमें एक पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव था और अन्य आराेपित दवा के अलग-अलग धंधे से जुड़े हुए थे।
सभी ने जल्द अधिक से अधिक पैसे कमाने के लिए नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का अवैध कारोबार शुरू कर दिया था। इस अवैध धंधे ने सभी को हवालात पहुंचा दिया। इनकी निशानदेही पर 3.5 करोड़ की 3.539 किलोग्राम अल्प्राजोलम टैबलेट व एक करोड़ की 1.709 किलोग्राम ट्रामाडोल टैबलेट और कैप्सूल बरामद की गई है।
अवैध रूप से दवा सप्लाई करने लगा
डीसीपी राहुल अलवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों में नितिन पाठक, उत्तर प्रदेश के कासगंज का रहने वाला है और बीएससी ग्रेजुएट है। वह पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करता था, जहां उसे डाॅक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं की भारी मांग के बारे में पता चला और उसने तेजी से रुपये कमाने के लिए अवैध रूप से दवाओं की सप्लाई का धंधा शुरू कर दिया।
2018 में एक दवा कंपनी शुरू की थी
प्रेम सिंह यादव, मंडोली का रहने वाला है और 12वीं पास है। वह पिछले तीन साल से भोपुरा में एक मेडिकल स्टोर चला रहा था। उसी दौरान उसके अवैध सप्लायरों से तार जुड़ गए थे। इसके बाद वह बिना वैध दस्तावेज के दवाएं बेचने लगा। शालू कुमार, लक्ष्मी नगर का रहने वाला है और 10वीं पास है। उसने 2018 में एक दवा कंपनी शुरू की थी, जो कोरोना के लाॅकडाउन के दौरान बंद हो गई।
इसके बाद, उसने जेनेरिक और उाक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं के अवैध धंधे में कदम रख दिया। संजय सिंह, 2019 से 2021 तक भागीरथ प्लेस में मजदूर के तौर पर काम किया, जिसके बाद उसने अपना खुद का दवा सप्लाई का बिजनेस शुरू किया और ज्यादा मुनाफे के चक्कर में गैर-कानूनी धंधों में शामिल हो गया।
खेप की आवाजाही के बारे में जानकारी मिली
राजधानी में नशीले पदार्थों के खतरे को रोकने के उद्देश्य से एक निर्णायक, खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय इस कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। इस आपरेशन के तहत बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक पदार्थ ज़ब्त किए गए, जो इस अवैध व्यापार के पैमाने और संगठित प्रकृति को दर्शाते हैं। 17 मार्च को क्राइम ब्रांच को उत्तर-पूर्वी ज़िले में ड्रग्स की एक खेप की आवाजाही के बारे में जानकारी मिली।
गोपनीयता को पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाएगा
इस पर कार्रवाई करते हुए, एसीपी सत्येंद्र मोहन व इंस्पेक्टर प्रवीण राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिव विहार तिराहा, जौहरीपुर रोड पर मोटरसाइकिल पर दो आरोपित को नशीले पदार्थ ले जाते हुए पकड़ लिया। उनमें एक की पहचान नितिन पाठक के रूप में हुई और दूसरा नाबालिग था। उनके पास से अल्प्राजोलम व ट्रामाडोल टैबलेट बरामद हुए।
नितिन पाठक से पूछताछ के बाद, भोपुरा में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मार मालिक प्रेम सिंह यादव को को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी दुकान से 2,250 (1.218 किलोग्राम) ट्रामाडोल कैप्सूल और बरामद किए गए। प्रेम सिंह यादव से पूछताछ के आधार पर शालू को गिरफ्तार कर लिया गया। शालू कुमार से पूछताछ के बाद अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी जानकारी को कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ साझा करें। जानकारी देने वालों की पहचान और गोपनीयता को पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाएगा।
Post a Comment