- Meerut: प्रीमियम मूंगफली के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है | दैनिक सच्चाईयाँ

Monday, 30 March 2026

Meerut: प्रीमियम मूंगफली के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है

शहर के बाजारों में प्रीमियम मूंगफली के दानों के नाम पर ज़हर बेचा जा रहा है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम द्वारा किए गए इन्वेस्टिगेशन में बड़ा खुलासा हुआ है। सड़ी-गली और घटिया मूंगफली को इंडस्ट्रियल केमिकल और रंगों से चमकाकर हाई क्वालिटी का लेबल लगाकर खुलेआम बेचा जा रहा है।

कई संदिग्ध सैंपल मिले

यह ऑर्गेनाइज्ड खेल सिर्फ ठेलों तक नहीं बल्कि छोटी - बड़ी दुकानों, पैक्ड ब्रांड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक फैल चुका है, जहां उपभोक्ताओं को जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है। टीम की पड़ताल में कई संदिग्ध सैंपल सामने आए।वहीं कुछ कारोबारियों ने ऑफ रिकॉर्ड कबूल किया कि मुनाफे के लिए केमिकल का इस्तेमाल आम बात है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये सिर्फ मिलावट नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के साथ सुनियोजित खिलवाड़ है।

ऐसे हुआ खुलासा

पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आ रही थीं कि बाजार में मिलने वाली चमकदार मूंगफली का स्वाद अलग है और हाथ में रगड़ने पर रंग भी निकलता है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर रिपोर्टर टीम ने मेरठ के अलग-अलग इलाकों में जांच शुरू की।टीम ने ग्राहक बनकर सदर बाजार, बेगमपुल और आसपास के क्षेत्रों से मूंगफली खरीदी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से भी मूंगफली मंगवाई गई कई जगहों पर मूंगफली असामान्य रूप से चमकदार और एक जैसे रंग की दिखाई दी, जिससे शक गहरा गया। इसके बाद पानी और दूध में इन दानों को भिगोते ही गुलाबी रंग छूट गया और खराब दाने दिखने लगे।ये सभी प्रीमियम क्वालिटी के दाने थे।

नेचुरल नहीं केमिकल का प्रयोग

पड़ताल में कुछ जगहों से लिए गए सैंपल नेचुरल रेड नहीं बल्कि केमिकल से कलर्ड किए गए थे। यही नहीं, मूंगफली पर खाने योग्य रंगों की बजाय सस्ते इंडस्ट्रियल डाई और केमिकल का इस्तेमाल पाया गया। ये ऐसे केमिकल्स थे जिनका उपयोग आमतौर पर औद्योगिक कामों में होता है, जिन्हें खाने की चीजों में इस्तेमाल करना पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।

लोकल से ऑनलाइन तक फैला नेटवर्क

पड़ताल में टीम के सामने ये भी खुलासा हुआ के छोटे दुकानदारों के अलावा लोकल, होलसेल दुकानों पर प्रीमियम टैग के साथ पैकिंग में ये खूब सेल हो रहा है। वहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हाई क्वालिटी के नाम पर सप्लाई की जा रही है। यहां सस्ती मूंगफली को प्रोसेस कर महंगे दामों में बेचा जा रहा है।

सेहत पर गंभीर खतरा

एक्सपर्ट्स के अनुसार, इंडस्ट्रियल केमिकल युक्त खाद्य पदार्थ शरीर के लिए बेहद खतरनाक होते हैं। ये लीवर और किडनी पर सीधा असर करते हैं। पाचन तंत्र में गड़बड़ी और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का खतरा भी हो सकता है। डॉक्टर्स के अनुसार नियमित रूप से ऐसी मूंगफली का सेवन करने वाले लोग अनजाने में बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की ओर बढ़ सकते हैं।


Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...