बुराड़ी इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवती ने अपने ही पिता की हैवानियत का पर्दाफाश करते हुए उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
10 वर्षों से यौन शोषण का शिकार हो रही पीड़िता ने खुद ही आरोपी पिता के खिलाफ पुख्ता वीडियो सबूत इकट्ठा किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर के अनुसार, पीड़िता रंजना (परिवर्तित नाम) वर्तमान में जापानी भाषा की पढ़ाई कर रही है। उसका पिता पेशे से ठेकेदार है। परिवार बुराड़ी इलाके में रहता है। रंजना अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। जुल्म की दास्तां तब शुरू हुई जब वह महज 11 साल की थी। जनवरी 2015 में पहली बार उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय पीड़िता की मां गांव में थी और वह घर पर पिता के साथ अकेली रहती थी। नासमझी और डर के कारण वह लंबे समय तक इस खौफनाक सच को किसी को बता नहीं सकी।
रंजना ने बताया कि जब वह बड़ी हुई तो उसे इस घिनौने कृत्य से नफरत होने लगी। उसने डिप्रेशन में आकर सुसाइड करने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। 16 साल की उम्र में उसने हिम्मत जुटाकर मां को सब बताया, लेकिन मां ने उसकी बातों पर यकीन करने के बजाय उसे ही चुप करा दिया। वर्ष 2018 में, जब रंजना बिलासपुर स्थित एम्स में मानसिक काउंसलिंग के लिए गई, तो उसने वहां के डॉक्टर को आपबीती सुनाई। डॉक्टर ने जब यह बात रंजना की मां को बताई तो मां ने बेटी को एक कमरे में घंटों बंद रखकर धमकी दी। दबाव और डर के चलते रंजना को डॉक्टर के सामने यह झूठ बोलना पड़ा कि वह 'मानसिक भ्रम' के कारण पिता पर आरोप लगा रही थी।
परिजनों की धमकियों और दोस्तों को फंसाने के डर के बावजूद रंजना ने हार नहीं मानी। उसने तय किया कि वह अब कानून का सहारा लेगी, लेकिन इसके लिए उसे ठोस सबूत चाहिए थे। रंजना ने अपने कमरे में सोते समय मोबाइल का कैमरा चोरी-छिपे ऑन करना शुरू कर दिया। करीब एक साल की मेहनत के बाद उसने अपने पिता की काली करतूतों के कई वीडियो फुटेज जमा कर लिए। अप्रैल को रंजना ने अपनी एक सहेली को सारी बात बताई और उसके घर से पुलिस को फोन किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रंजना का मेडिकल कराया और उसके बयान दर्ज किए। रंजना द्वारा सौंपे गए डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को धर दबोचा। अब पुलिस इस मामले में रंजना की मां की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या वह इस अपराध में मूकदर्शक या सहयोगी थी।
Post a Comment