दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रा करने वाले मेरठ के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर कॉरिडोर का सबसे बड़ा फास्ट इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया है।
इस पहल से मेरठ से दिल्ली आने-जाने वाले ई-वाहन उपयोगकर्ताओं को खासा लाभ मिलेगा।
नए चार्जिंग स्टेशन पर 480 किलोवाट क्षमता की 10 हाई-वोल्टेज चार्जिंग यूनिट्स लगाई गई हैं, जिनसे एक साथ 10 वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा। ये चार्जर महज 30 मिनट में चारपहिया वाहनों को करीब 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सक्षम हैं। खास बात यह है कि यहां भारी व्यावसायिक ई-वाहनों के लिए भी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।ईवी उपयोगकर्ता "ElectreeFi" मोबाइल ऐप के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। ऐप के जरिए स्लॉट बुकिंग, रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बन गई है।
गौरतलब है कि आनंद विहार के अलावा साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ स्टेशन पर भी ईवी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है। इससे मेरठ के वे लोग, जो नमो भारत ट्रेन तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते हैं, अब बिना किसी चिंता के अपने वाहन चार्ज कर सकेंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। एनसीआरटीसी आने वाले समय में कॉरिडोर के अन्य स्टेशनों पर भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार करने की योजना पर काम कर रहा है, जिससे मेरठ सहित पूरे क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा मिल सके।
Post a Comment