मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में बीएसएफ जवान नैन सिंह की सनसनीखेज हत्या का खुलासा मेरठ पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। घटना 27-28 मार्च की दरमियानी रात लगभग 1:40 बजे हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने नैन सिंह को सोते समय गोली मार दी थी। प्रारंभ में मृतक के पिता की तहरीर पर पड़ोसियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा मामला सामने आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SWAT टीम देहात और इंचौली पुलिस ने संयुक्त रूप से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। फॉरेंसिक जांच, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल के पुनर्निर्माण से खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे घरेलू साजिश थी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गुलशन और मृतक के बीच उसकी पत्नी को लेकर विवाद चलता था। मृतक द्वारा कथित तौर पर बार-बार ताने देने और अपमानित करने से नाराज होकर गुलशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इस साजिश में मृतक की पत्नी कोमल की भी भूमिका सामने आई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलशन, राहुल उर्फ पवन, गुड्डू, मोंटू और कोमल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सो रहे नैन सिंह को गोली मार दी थी। अभियुक्तों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम भी दिया गया है।
Post a Comment