उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के दौराला कस्बे में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत का मामला अब चौंकाने वाला मोड़ ले चुका है. शुरुआत में इसे सामान्य हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह एक सोची-समझी साजिश थी.
इस घटना में एक युवक की जान लेने के लिए उसकी ही बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्लान बनाया था.
करीब दो दिन पहले दौराला क्षेत्र में तीन लोगों की अचानक मौत हो गई थी. सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही मिनटों में तीनों की मौत हो गई. परिजनों ने इसे जहरीली शराब का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी.
जांच में सामने आया नया एंगल
जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की तो मामला पूरी तरह बदल गया. मृतक अंकित उर्फ दौलत की बहन अलका और उसके प्रेमी पवन उर्फ पोली को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन अंकित इस रिश्ते का विरोध करता था.
पुलिस के मुताबिक, अंकित अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज रहता था और शराब पीकर कई बार उसके साथ मारपीट भी करता था. यही बात अलका को खटक गई. धीरे-धीरे उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर भाई को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
शराब में मिलाया गया जहर
पूछताछ में अलका ने कबूल किया कि उसने घर में रखी शराब में जहर मिला दिया था. योजना यह थी कि अंकित अकेले शराब पीएगा और उसकी मौत को सामान्य हादसा मान लिया जाएगा. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
प्लान हुआ फेल, तीन लोगों की गई जान
अंकित शराब लेकर गांव के एक तेल स्पेलर पर पहुंच गया, जहां उसके साथ बाबूराम प्रजापति और जितेंद्र भी बैठ गए. तीनों ने वही जहरीली शराब पी ली. बताया जा रहा है कि शराब में साइनाइड मिलाया गया था, जो बेहद खतरनाक जहर होता है. इसका असर इतना तेज था कि तीनों की महज चार मिनट के अंदर मौत हो गई.
शुरुआत में अलका ने खुद को इस मामले से अनजान बताया, लेकिन पुलिस पूछताछ में उसके बयान बार-बार बदलते रहे. यही बात पुलिस को खटक गई और सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी साजिश सामने आ गई.
पुलिस ने इस केस में करीब 100 लोगों से पूछताछ की और कई अहम सुराग जुटाए. आखिरकार सबूतों के आधार पर मृतक की बहन, उसके प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इस खुलासे के बाद पूरे दौराला इलाके में सनसनी फैल गई है. जहां लोग इसे पहले एक हादसा मान रहे थे, वहीं अब यह मामला रिश्तों के टूटने और खौफनाक साजिश की कहानी बन गया है. पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
Post a Comment