- Meerut: मेरठ बंद को कांग्रेस का समर्थन, सीलिंग कार्रवाई पर सरकार को घेरा | दैनिक सच्चाईयाँ

Wednesday, 8 April 2026

Meerut: मेरठ बंद को कांग्रेस का समर्थन, सीलिंग कार्रवाई पर सरकार को घेरा

शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में चल रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में 9 अप्रैल को प्रस्तावित मेरठ बंद को कांग्रेस ने समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी ने इसे व्यापारियों की आजीविका से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के व्यापारी वर्षों से अपना कारोबार चला रहे हैं। यदि निर्माण में कोई कमी थी, तो उसे समय रहते दुरुस्त कराना प्रशासन की जिम्मेदारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक की गई सख्त कार्रवाई से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।त्यागी ने स्पष्ट किया कि मामला सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़ा है और कांग्रेस न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन जरूरी है, लेकिन मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदारी तय होना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक अनियमितताएं चलती रहीं और अब अचानक सख्ती बरती जा रही है, जो प्रशासनिक असंतुलन को उजागर करता है। कांग्रेस ने कहा कि वह व्यापारियों के साथ खड़ी है और 9 अप्रैल के बंद का समर्थन शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।प्रवक्ता ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और एआईसीसी महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे को भी दे दी गई है, ताकि इस मुद्दे को पार्टी स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि व्यापारियों के साथ संवाद कर समाधान निकाला जाए, जिससे कोर्ट के आदेशों का सम्मान भी बना रहे और लोगों की आजीविका पर अनावश्यक प्रभाव न पड़े।

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...