उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नानपारा कोतवाली इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी तलाकशुदा पत्नी को मोटरसाइकिल से बांधकर घसीटा, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गयी.
इस दौरान आरोपी व्यक्ति भी भी घायल है. घटना वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
घटना बुधवार की बताई जा रही है. पत्नी इन दिनों मायके में रह रही थी, जहां उसका सामना पति से हो गया, जिसके बाद उसने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया. पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार, रामगांव क्षेत्र के मुसल्लमपुर गांव निवासी रहीस ने करीब एक वर्ष पहले नानपारा निवासी रेशमा से शादी की थी, लेकिन आपसी विवाद के कारण दोनों का जनवरी में तलाक हो गया, जिसके बाद महिला अपने मायके में रह रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी बुधवार को नानपारा आया था और लक्ष्मणपुर मतेही गांव के पास घर लौट रही अपनी तलाकशुदा पत्नी से उसका आमना-सामना हुआ. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई.
पिटाई के बाद मोटरसाइकिल में बांधा
पुलिस ने बताया कि रहीस ने पहले महिला को मोटरसाइकिल से टक्कर मारी और फिर उसे वाहन से बांधकर सड़क पर घसीटा. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे छुड़ाया. स्थानीय लोगों ने गुस्से में आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. नानपारा के क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिनमें हत्या का प्रयास, चोट पहुंचाना, आपराधिक धमकी और अपमान शामिल हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है.
Post a Comment