प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ पर देश के 20 स्पेस स्टार्टअप्स के सीईओ और फाउंडर्स से बातचीत की. उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि युवा उद्यमियों ने नए सेक्टर में हिम्मत दिखाई है और सरकार पर भरोसा जताया है.
पीएम मोदी ने कहा, आपने एक नए सेक्टर में हिम्मत दिखाई है. सबसे जरूरी बात यह है कि आपने सरकार पर भरोसा किया. मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि हम जो भी फैसले लें, उनमें एकरूपता होनी चाहिए."
उन्होंने कहा, "हमें उन्हें बार-बार बदलना नहीं चाहिए. इससे रिस्क लेने वाले को भरोसा रहता है. उन्हें पता होता है कि अगर उनकी अपनी गलती से कुछ गलत हो जाता है, तो वह अलग बात है, लेकिन कोई उन्हें बीच में अकेला नहीं छोड़ेगा. हम इसी तरह का भरोसा बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
भारत में टैलेंट की कमी नहीं है'
पीएम मोदी ने कहा, "भारत के सबसे होनहार स्पेस स्टार्टअप्स से मुलाकात हुई. हमेशा की तरह, उनकी ऊर्जा और महत्वाकांक्षा देखकर बहुत प्रभावित हुआ. आपको उनकी सोच और सकारात्मक नजरिया जरूर पसंद आएगा. पीएम मोदी ने कहा मुझे जरूर बताइए. भारत के स्पेस सफर के बारे में आपको सबसे ज्यादा क्या उत्साहित करता है? इस मुलाकात में स्काईरूट एयरोस्पेस, अग्निकुल कॉसमॉस, पिक्सेल जैसी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए. पीएम ने स्पेस टेक्नोलॉजी के कृषि, डेयरी और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल पर भी जोर दिया.
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि हमें ऐसा माहौल बनाना चाहिए जिससे दुनिया भर के लोगों को लगे कि अगर वे इस क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो उन्हें भारत आना चाहिए. किसी भारतीय स्टार्टअप या भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी से जुड़ना चाहिए. मुझे पूरा भरोसा है कि हम इस पूरे टैलेंट पूल को चुंबक की तरह अपनी ओर खींच सकते हैं और ये हमारे लिए एक बड़ी ताकत बन सकता है. हम लागत के मामले में बहुत प्रतिस्पर्धी हैं."
पीएम मोदी ने कहा, "टैलेंट की गुणवत्ता पर कोई सवाल ही नहीं है और चूंकि हमारे देश के लोगों में स्वाभाविक रूप से जोखिम उठाने की क्षमता होती है, इसलिए हम तेजी से अपनी एक खास जगह बना सकते हैं." प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष कंपनियों को अपनी तकनीकों के नए इस्तेमाल खोजने और इस बात पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया कि कैसे ये तकनीकें लोगों का जीवन आसान बना सकती हैं."
Post a Comment