बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम अपनी शानदार आवाज से हमेशा फैन्स का दिल जीतते हैं। लेकिन इस बार उनका एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने उनके चाहने वालों को परेशान कर दिया। सोनू निगम ऑपरेशन टेबल पर लेटे हुए दर्द के बावजूद गाना गाते नजर आए।
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑपरेशन टेबल पर गाया मोहम्मद रफी का गाना:
रविवार को सोनू निगम ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह अस्पताल में ऑपरेशन टेबल पर नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि सर्जरी के दौरान भी सोनू ने गाना गाना नहीं छोड़ा। वीडियो में वह साल 1949 की फिल्म 'दुलारी' के मशहूर गाने 'सुहानी रात ढल चुकी' को गाते सुनाई दे रहे हैं। यह गाना महान गायक मोहम्मद रफी ने गाया था। सोनू ने बताया कि उन्होंने यह गाना अपने डॉक्टर और मेडिकल टीम के लिए गाया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि सर्जरी के दौरान डॉक्टर और उनकी टीम के लिए यह अचानक की गई परफॉर्मेंस थी
सोनू निगम का वीडियो सामने आते ही उनके फैन्स और इंडस्ट्री के कई सितारों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। श्रेया घोषाल ने कमेंट करते हुए सोनू निगम के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की और मुश्किल हालत में भी संगीत के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायक बताया। वहीं विशाल मिश्रा ने सोनू को अपना भगवान बताते हुए उनके जल्द ठीक होने की कामना की। रणवीर अल्लाहबादिया समेत कई लोगों ने भी कमेंट कर सिंगर के लिए प्यार और शुभकामनाएं भेजीं।
फैन्स ने भी की जल्द ठीक होने की दुआ:
वीडियो देखने के बाद सोनू निगम के फैन्स भी भावुक हो गए। सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि मुश्किल समय में भी जिस तरह उन्होंने संगीत को अपने साथ रखा, वह उनकी हिम्मत दिखाता है। हालांकि, सोनू निगम ने इस पोस्ट में अपनी सर्जरी की वजह का खुलासा नहीं किया है।
पहले भी बता चुके हैं नस दबने की समस्या:
गौरतलब है कि इसी साल जून में सोनू निगम ने एक वीडियो के जरिए अपनी सेहत को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें नस दबने यानी 'पिंच्ड नर्व' की समस्या हुई थी। उन्होंने कहा था कि इसके लिए उनका एमआरआई और सीटी स्कैन समेत कई मेडिकल टेस्ट किए गए। सोनू ने यह भी बताया था कि वह दवाइयां ले रहे थे और फिजियोथेरेपी के दौरान उन्हें काफी दर्द का सामना करना पड़ा था।
जल्द शुरू होगा सोनू का 'रेवोल्यूशन टूर':
सेहत से जुड़ी इस खबर के बीच सोनू निगम अपने आगामी 'रेवोल्यूशन टूर' को लेकर भी चर्चा में हैं। वह 30 अगस्त को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं। इसके बाद अक्टूबर में भारत में टूर का चरण शुरू होगा, जिसमें बेंगलुरु, पुणे, सूरत, लखनऊ और भोपाल जैसे शहर शामिल हैं।
Post a Comment