- UP:-सड़क हादसा, अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराई | दैनिक सच्चाईयाँ

Sunday, 29 March 2026

UP:-सड़क हादसा, अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराई

 उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. अयोध्या में रामलला के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस रत्नपुरा इलाके में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से टकरा गई. इस दुर्घटना में बस में सवार लगभग 40 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया.

अनियंत्रित होने से हुई टक्कर

जानकारी के अनुसार, बस में कुल 48 यात्री सवार थे जो अयोध्या से दर्शन करने के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे. रत्नपुरा क्षेत्र में चालक के नियंत्रण खोने के कारण बस सीधे पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चीख-पुकार सुनकर पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की. यह भी पढ़े: Delhi Bus Accident: दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी बस, कई जख्मी।

जिला अस्पताल में 26 घायल भर्ती

हादसे के बाद प्राथमिक उपचार के लिए घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. जिला अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टर, डॉ. प्रदीप यादव ने बताया, "हमारे पास कुल 26 घायल मरीजों को लाया गया है. बस में कुल 48 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 को रत्नपुरा से यहां रेफर किया गया है."

डॉ. यादव ने आगे जानकारी दी कि वर्तमान में भर्ती किए गए सभी 26 मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है. शेष यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और उन्हें मामूली चोटें आने के कारण स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया है.

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल और दुर्घटना स्थल पर पहुंचे. शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि चालक को नींद आने या तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ होगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यात्रियों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है.

Post a Comment

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...